तालाब की सफाई में हाे रही लापरवाही
सिटी प्लस रिपोर्टर. भोपाल| पुरानेशहर के छोटे तालाब से जलकुंभी निकालने का काम दो माह बाद भी पूरा नहीं हो पाया। नगर निगम प्रशासन ने तालाब से जलकुंभी निकालने का ठेका तो दिया है, लेकिन इस काम में लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में मछुआरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जलकुंभी के कारण मत्सय व्यापार प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि छोटे तालाब को मछली पालन के लिए लीज पर दिया गया है। जलकुंभी होने के कारण मछुआरों द्वारा मछली निकालने के काम में दिक्कतें रही हैं। वहीं गंदगी से तालाब का पानी भी दूषित हो रहा है। यही हालत बड़े तालाब की है जिसके किनारे गंदगी से पटे हैं। बुधवारा निवासी अलीमउद्दीन का कहना है कि तालाब शहर की पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। छोटे और बड़े तालाब की सफाई जल्द से जल्द करवाई जाए और गदंगी मिले इसके लिए भी कारगर कदम उठाए जाएं।