- Hindi News
- 20 खेलों में चुनौती पेश करेगा मध्यप्रदेश
20 खेलों में चुनौती पेश करेगा मध्यप्रदेश
34वेंनेशनल गेम्स रांची में रिकार्ड 102 पदक जीतने वाला मप्र केरल में 20 खेलों में चुनौती पेश करेगा। केरल के थिरुअनंतपुरम में 35वें नेशनल गेम्स 31 जनवरी से शुरू हो रहे हैं। इसकी तैयारी मप्र ने शुरू कर दी है। इसके लिए दो चरणों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण 18 से 31 दिसंबर और दूसरा चरण 15 जनवरी से शुरू होगा। शिविर भोपाल, इंदौर और जबलपुर में लगेंगे। यह निर्णय गुरुवार को मप्र ओलिंपिक संघ की बैठक में लिया गया। बैठक तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित की गई थी।
बैठक में लिए गए फैसले अनुसार भोपाल में 14 खेलों के कैंप लगेंगे, जिसमें तीरंदाजी, कयाकिंग-केनाेइंग, रोईंग, सेलिंग, बाक्सिंग, ताइक्वांडो, जूडो, वेटलिफ्टिंग, तलवारबाजी, वूशु, शूटिंग, एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक और ट्रायथलान शामिल है। जबकि इंदौर में पांच खेल कुश्ती, तैराकी, हैंडबाल, शूटिंग और स्क्वैश तथा जबलपुर में साइकिलिंग का कैंप लगेगा। बैठक के बाद अध्यक्ष रमेश मेंदोला ने कहा कि विजेताओं को दी जा रही नगद पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी आवश्यक है। वर्ष 2011 रांची नेशनल गेम्स के स्वर्ण, रजत और कांस्य विजेताओं को क्रमश: चार लाख, तीन लाख 60 हजार और दो लाख 40 हजार रुपए के हिसाब से ईनामी राशि दी गई थी। संयुक्त संचालक डा. विनोद प्रधान ने कहा कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय खेल समन्वय केंद्र का गठन कर दिया गया है, जो तैयारी की समस्त कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। इस केंद्र के प्रभारी जलज चतुर्वेदी और सह प्रभारी विकास खराडकर होंगे। बैठक में सचिव दिग्विजय सिंह, विधायक विश्वास सारंग, प्रदीप लारिया, ओम सोनी, पीयूष शर्मा, डीके विद्यार्थी, पीएस सलूजा, प्रशांत कुशवाह, राजेश चौबे, राजेश यादव आदि उपस्थित थे।