पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इज्तिमा का समापन, करीब आठ लाख लोगों ने की सामूहिक दुआ

इज्तिमा का समापन, करीब आठ लाख लोगों ने की सामूहिक दुआ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आयोजन स्थल से 2 किमी दूर तक बंदों का सैलाब

भोपाल| बैरसियारोड स्थित घासीपुरा में तीन दिनी 67वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा का सोमवार को सामूहिक दुआ के साथ समापन हुआ। एसपी अरविंद सक्सेना के मुताबिक दुआ में करीब आठ लाख लोग शामिल हुए। मौलाना साद साहब ने मुल्क की तरक्की और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ कराने के पहले बंदों को मजहबी संदेश दिया। इसके पूर्व मौलाना शौकत अहमद की मजहबी तकरीर हुई।

वहीं, इज्तिमा स्थल के सभी पार्किंग स्थल भर जाने से पुलिस और इंतजामिया कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सुबह नौ बजे यहां पहुंचने वाले वाहनों को डेढ़ किलोमीटर पहले ही रोक दिया था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पैदल ही इज्तिमा स्थल तक गए। लेकिन वहां भी प्रवेश नहीं मिलने पर उन्हें बाहर खेत या सड़क पर खड़े रहना पड़ा। दुआ खत्म होने के बाद दोपहर दो बजे से पुराने शहर की तरफ आने वाले सभी रास्ते भीड़ से भरे दिखाई दिए। लांबाखेड़ा, करोंद, काजी कैंप, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड, छोला रोड, नई जेल रोड, शाहजहांनाबाद समेत लालघाटी चौराहे की सड़कों पर रात तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।

रेलवेस्टेशन पर भी भीड़: कईजमातों का रिजर्वेशन शाम की ट्रेनों से होने और दो स्पेशल ट्रेन आंध्रप्रदेश कर्नाटक तरफ चलाई जाने से रेलवे स्टेशन पर पैर रखने की जगह तक नहीं थी।

सोमवार को इज्तिमा के समापन के बाद जमातों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। भारी भीड़ के कारण शहर में कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी। फोटो|एचसीवर्मा