पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इंटरनेट पर जैन मंदिर सर्च करके चुराते थे मूर्ति छत्र

इंटरनेट पर जैन मंदिर सर्च करके चुराते थे मूर्ति छत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नारायणनगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चोरी करने वाले बदमाशों को बागसेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने तीन जैन मंदिरों में चोरी के साथ ही एक अन्य वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है। आरोपी इंटरनेट पर जैन मंदिरों को सर्च कर वहां रखी मूर्ति और छत्र आदि का अंदाजा लगाते थे।

28-29 अगस्त की रात नारायण नगर स्थित श्री जैन मंदिर में बदमाश 12 फीट ऊंचे रोशनदान की रॉड काटकर दाखिल हुए थे। वे यहां से आदिनाथ भगवान की अष्टधातु की मूर्ति, चांदी के छह और पीतल के दो छत्र चुरा ले गए थे। टीआई सलिल शर्मा के मुताबिक इसी बीच पता चला कि सागर निवासी कुछ लोग वारदात वाली रात को 12 नंबर झुग्गी बस्ती और जनता क्वार्टर के आसपास देखे गए थे और तभी से गायब हैं। बुधवार रात सूचना मिली कि उसी हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति साकेत नगर स्थित जैन मंदिर के पास घूम रहा है। पकड़ा गया आरोपी सागर निवासी 25 वर्षीय सुरजीत सिंह राजपूत निकला। उसने राजगढ़ निवासी 21 वर्षीय भारत अहिरवार, अशोक नगर निवासी राजेंद्र राजपूत और सागर निवासी मुकेश सिंह परमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने दानिश नगर कोलार स्थित जैन मंदिर, हबीबगंज के एक मकान में चोरी और सागर के एक जैन मंदिर में चोरी करना कबूल किया है।

एसएमएस भेजकर बनाई अगली योजना

पुलिसको भारत के पास से जब्त मोबाइल फोन में एक एसएमएस भी मिला है। इसमें उसने साकेत नगर स्थित जैन मंदिर में नए छत्र लगाए जाने की सूचना सुरजीत को दी थी। सुरजीत इसी सिलसिले में साकेत नगर स्थित जैन मंदिर पहुंचा था। यह एसएमएस उसने गत 11 नवंबर को किया था। चारों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर 15 दिसंबर तक रिमांड पर लिया है।

कोठी में छिपाई थी भगवान की मूर्ति

पुलिसने गिरोह के सरगना सुरजीत के सागर स्थित घर से भगवान की मूर्ति बरामद की है। आरोपी ने भगवान की मूर्ति अनाज की कोठी में छिपाकर रखी थी। आरोपियों ने बताया कि एक वेबसाइट पर प्रदेश के जैन मंदिरों की डीटेल डाली जाती है। इसी वेबसाइट को सर्च करके वे जैन मंदिरों की जानकारी हासिल करते थे और उनमें वारदात को अंजाम देने के लिए प्लान बनाते थे।

जैन मंदिरों में वारदात करने के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में। आरोपियाें ने तीन मंदिरों को निशाना बनाया था। फोटो|भास्कर