बच्ची को बीच सड़क पर उतार कर चली गई बस
जवाहरलालनेहरू स्कूल की प्रायमरी विंग की तीसरी कक्षा की एक छात्रा को स्कूल बस निरीक्षक ने स्कूल से कुछ दूर जाने के बाद बीच सड़क पर उतार दिया। चैकिंग के दौरान छात्रा के पास बसपास नहीं था। छात्रा के अभिभावकों ने बीएचईएल प्रबंधन के खिलाफ बाल आयोग में यह शिकायत की है। इस मामले में आयोग ने संज्ञान लेकर बीएचईएल प्रबंधन को तलब किया है।
आयोग की अध्यक्ष उषा चतुर्वेदी के अनुसार जवाहरलाल नेहरू स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा दिव्यांशी बजाज के माता पिता काजल और दिनेश बजाज ने बताया कि उनकी बच्ची बीएचईएल प्रबंधन द्वारा संचालित बस से स्कूल जाती है। स्कूल से लौटते समय निरीक्षक रामसिंह ने बसपास दिखाने पर उनकी बेटी को बीच सड़क में उतार दिया, जबकि उस बस में कई बच्चे ऐसे थे जिनके पास बसपास नहीं थे। इस मामले में बीएचईएल प्रबंधन और निरीक्षण अधिकारी को नोटिस भेजा है। मामले की सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। इधर, बीएचईएल के प्रवक्ता विनोदानंद झा का कहना है कि महिला कल्याण समिति और भेल प्रबंधन के बीच विवाद चल रहा है। यही वजह है कि कर्मचारियों के बच्चों को रियायती पास इश्यू नहीं किए गए। प्रबंधन ने उन्हें ग्यारंटर के माध्यम से पास लेने की सुविधा प्रदान की है।