- Hindi News
- दो दिन से पानी की सप्लाई बंद, लोग हो रहे परेशान
दो दिन से पानी की सप्लाई बंद, लोग हो रहे परेशान
संतहिरदाराम नगर में बुधवार शाम से पानी की सप्लाई नहीं होने से लोग परेशान हंै। यह स्थिति तालाब से पानी खींचने वाली 80 एवं 60 हार्स पावर की दो मोटर जलने के कारण बनी है। सिंधी सेंट्रल पंचायत ने पानी की सप्लाई में बार-बार रही बाधाओं की शिकायत मुख्यमंत्री एवं विधायक से की है।
जोन एक में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई किया जा रहा है। इसके बाद भी आए दिन मोटर जलने और वाॅल्व खराब होने से लोग परेशान हैं। इस मामले में सिंधी सेंट्रल पंचायत ने नाराजगी जताते हुए निगम कमिश्नर से अफसरों की जिम्मेदारी तय करने को कहा है। इस संबंध में जब निगम अफसरों से चर्चा की तो उन्होंने बताया साधु वासवानी काॅलेज के पास पुराने जल शोधन संयंत्र एवं बोरबन स्थित नए जल शोधन में लगे पंप खराब हैं।
उल्लेखनीय है कि करीब 10 करोड़ रुपए से संतनगर और गांधीनगर की पाइपलाइन बदलने एवं बोरबन में नया जल शोधन संयंत्र बनाए जाने के बाद भी लोगों को अनियमित पानी सप्लाई से निजात नहीं मिली है।