- Hindi News
- वेरीफिकेशन पूरा, 28 हजार छात्रों को मिलेंगे स्मार्ट कार्ड
वेरीफिकेशन पूरा, 28 हजार छात्रों को मिलेंगे स्मार्ट कार्ड
राजीवगांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के फर्स्ट सेमेस्टर के छात्रों को एडमिशन के छह माह बाद स्मार्ट कार्ड मिलना शुरू होंगे। यूनिवर्सिटी के लिए स्मार्ट कार्ड बनाने वाली संस्था ने करीब 28 हजार छात्रों के डॉक्यूमेंट्स का वेरीफिकेशन कर लिया है। इनको जल्द ही स्मार्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे। स्मार्ट कार्ड को लेकर यूनिवर्सिटी और संस्था के बीच सहमति नहीं बनने से पिछले छह महीने से यह काम टल रहा था।
सत्र 2014-15 की एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी करीब 55 हजार छात्रों को स्मार्ट कार्ड नहीं मिले थे। इससे उन्हें अपनी पहचान साबित करना मुश्किल हो गया था। छात्र काे परीक्षा फॉर्म भरने से लेकर परीक्षा में शामिल होने तक के लिए परेशानी हो रही थी। वह लाइब्रेरी का भी उपयोग नहीं कर पा रहे थे। दैनिक भास्कर ने बीती 7 फरवरी को ‘55 हजार छात्रों के नहीं बने स्मार्ट कार्ड’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद आरजीपीवी प्रशासन सक्रिय हुआ। वहीं, कुलपति प्रो. पीयूष त्रिवेदी के मुताबिक कुछ तकनीकी समस्या के कारण छात्रों के स्मार्ट कार्ड बनने में देरी हुई थी। अब इस समस्या को दूर कर लिया गया है। उन्होंने करीब 28 हजार छात्रों के डॉक्यूमेंट्स वेरीफिकेशन होने की बात कही है। हालांकि 27 हजार छात्रों को स्मार्ट कार्ड के लिए एक-दो महीने और इंतजार करना पड़ेगा।