अतिक्रमण अधिकारी पर जानलेवा हमला
सदरमंजिल स्थित नगर निगम दफ्तर में घुसकर चार बदमाशों ने प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने निगम के एक कर्मचारी को भी चाकू मार िदया। आरोपी शादी हॉल खाली कराए जाने से नाराज थे। उनमें से एक को वहां मौजूद कर्मचारियों ने दबोच लिया।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नारियलखेड़ा निवासी 44 वर्षीय कमर साकिब नगर निगम में प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी हैं। गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे वे दफ्तर में बैठे थे। तभी तलैया थाने का निगरानीशुदा बदमाश लईक अपने साथी गुलशन और अन्य दो के साथ वहां पहुंचा। हथियारबंद बदमाशों ने उनसे कहा कि शकीला बानो शादी हॉल तूने ही बंद करवाया है ना। इतना कहते ही आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। कुर्सियां फेंकते हुए बदमाशों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कर्मचारी वहां गए। भागने की फिराक में आरोपियों ने एक कर्मचारी शाहरुख पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि, कर्मचारियों ने एक बदमाश गुलशन को पकड़ लिया।
जबकि अन्य तीन भाग निकले। तलैया पुलिस ने कमर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ छह अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। कमर के मुताबिक आरोपी लईक उक्त शादी हॉल में डेकोरेशन का काम करता है। वह इलाके में घूम भी रहा है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।