- Hindi News
- डीएमई पर मेडिकल सीट बेचने का आरोप, हंगामा
डीएमई पर मेडिकल सीट बेचने का आरोप, हंगामा
सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर हो रही एआईपीएमटी काउंसलिंग भी विवाद में गई है। इसमें छात्रों ने संचालक चिकित्सा शिक्षा (डीएमई) डॉ. एसएस कुशवाह पर सरकारी कोटे की सीटें ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को अलॉट करने और कॉलेज संचालकों से सांठगांठ कर सीट बेचने का आरोप लगाया है।
इन सबके के बीच रविवार को छात्रों और उनके परिजनों ने काउंसलिंग नहीं चलने दी। केवल 13 छात्रों को सीट अलॉट करने के बाद सुबह 10 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया दोपहर डेढ़ बजे रोकना पड़ी। वहीं, ऑल इंडिया कोटे के तीन छात्रों का सीट अलॉटमेंट भी निरस्त करना पड़ा।
जीएमसी में छात्र और उनके परिजनों ने काउंसलिंग स्थगित होने के बाद हंगामा किया। फोटो| भास्कर
छात्र श्रीकांत जैन ने आरोप लगाया कि डीएमई ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को मेरिट के मुताबिक सीट आवंटित कर रहे हैं। इंदौर की छात्रा आकृति कच्छाधारा ने डीएमई पर मप्र कोटे की सीटें कॉलेज संचालकों से सांठगांठ कर बेचने का आरोप लगाया है। डीएमई ने कहा कि निजी कॉलेजों में सरकारी कोटे की सीटों पर ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को एडमिशन देने का प्रावधान है। इसी आधार पर तीन छात्रों को सीट आवंटित की थीं, जो बाद में निरस्त कर दी गईं।