मूर्ति चमकाने के बहाने जेवर ठगे
भोपाल| आचार्यनरेंद्रदेव नगर में ठगों ने जेवर चमकाने के नाम पर एक वृद्धा को ठग लिया। वारदात बीती 12 दिसंबर की है। पुलिस के अनुसार वारदात वाले दिन सुनीता देवी (50) घर पर थीं। दोपहर में वहां तीन युवक आए। उन्होंने खुद को एक वॉशिंग पाउडर कंपनी का सेल्समैन बताया। युवकों ने कहा कि पाउडर से जेवरात सहित बर्तन भी चमकाए जा सकते हैं। जालसाजों के झांसे में आई सुनीता ने पहले उन्हें चमकाने के लिए भगवान की मूर्तियां दीं। इसके बाद चांदी के जेवर भी दिए। इस पर युवकों ने उनसे कहा कि सोने के गहने हों तो वो भी ले आइए। सुनीता देवी सोने के जेवर भी ले आई। आरोपियों ने उनसे कुकर मंगवाया और उसका ढक्कन बंद कर दिया। उन्होंने महिला से कहा कि जेवर कुकर के अंदर हैं, पानी को दस मिनट तक गर्म कर लेना। महिला ने दस मिनट बाद कुकर का ढक्कन खोला तो जेवर नहीं थे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर रविवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।