रतनजोत के बीज खाने से पांच बच्चे बीमार
नसं. भोपाल| कोलाररोड पर स्थित बांसखेड़ी क्षेत्र में रतनजोत के बीज खाने से रविवार को पांच बच्चे बीमार हो गए। सभी की उम्र 5 वर्ष से कम है। जेपी अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है।
बांसखेड़ी में रहने वाले बच्चों के माता-पिता काम पर गए थे। शाम को जब वे घर पहुंचे तो बच्चे उल्टी कर रहे थे। इसके बाद वे उन्हें कोलार रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया। हमीदिया में बेहतर इलाज मिलने के डर से वे बच्चों को जेपी अस्पताल ले आए। जेपी अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. एचएस सोढ़ी के अनुसार उल्टी-दस्त होने से बच्चों में कमजोरी गई है।
उन्हें पीडियाट्रिक्स वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉ. सोढ़ी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।