बैंक कर रहा था डीएसपी का मकान नीलाम
लोकायुक्तडीएसपी राजकुमार शर्मा के मकान को इलाहाबाद बैंक की अरेरा काॅलोनी ब्रांच द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर नीलाम किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में हबीबगंज पुलिस ने बैंक के तत्कालीन अफसरों आैर कर्मचारियों के खिलाफ अमानत में खयानत आैर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
गुरुकुल शिक्षा समिति, बावड़ियाकलां ने दो साल पहले इंजीनियरिंग काॅलेज शुरू करने के लिए इलाहाबाद बैंक की अरेरा काॅलोनी ब्रांच से लोन लिया था। समिति ने स्पाटी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस नाम से काॅलेज खोला था। इस समिति में शर्मा के बेटे हिमांशु शर्मा सचिव के पद पर कार्यरत थे। बैंक ने लोन प्रकरण में समिति के सदस्यों आैर उनके रिश्तेदारों को गारंटर बनाया था। राजकुमार शर्मा ने गारंटी के तौर पर विदिशा स्थित अपने मकान के कागजात जमा किए थे। लोन की किश्त जमा नहीं करने के कारण बैंक ने उनके खाते को नान परफॉर्मिंग अकाउंट (एनपीए) में डाल दिया। इसके बाद बैंक ने राजकुमार शर्मा को नोटिस भेजा कि समिति का खाता एनपीए किया गया है, इसलिए उनके मकान की नीलामी की जाएगी। जब शर्मा ने लोन मंजूरी के कागजात देखे तो उसमें उनके विदिशा स्थित मकान को गारंटी के तौर पर बंधक बनाने का कहीं भी उल्लेख नहीं था।
बैंक के अफसरों आैर कर्मचारियों ने मकान को नीलाम करने की तैयारी कर ली थी। जब उन्होंने बैंक अफसरों से संपर्क किया तो उन्होंने मकान को बंधक दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। जांच के बाद हबीबगंज थाने ने बैंक के तत्कालीन अफसरों आैर कर्मचारियों को इस गड़बड़ी में दोषी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ अमानत में खयानत आैर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।