सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाया चोर
भोपाल| चौकबाजार स्थित जैन मंदिर में चोरी करने वाले बदमाश गांधीनगर निवासी शानू उर्फ शाहनवाज को गौतम नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की थी।
पुलिस ने उसके पास से मंदिर की दान पेटी से चुराई नगदी समेत एक अन्य वारदात का माल भी बरामद किया है।
बीती सात दिसंबर को एक बदमाश ने चौक बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर में घुसकर दो दानपेटियों से करीब 70 हजार रुपए चुरा लिए थे। इस दौरान आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। इस फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में लगी थी। टीआई सूर्यकांत अवस्थी के मुताबिक इसी बीच शनिवार शाम इलाके में उसके घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर बैरसिया रोड से गांधीनगर निवासी 30 वर्षीय शानू उर्फ शाहनवाज पिता मोहम्मद रफीक को धरदबोचा। पूछताछ में उसने वारदात करना कबूल कर लिया। उसने नारियलखेड़ा स्थित एक किराना दुकान में भी चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से दानपेटी से चुराए गए 11 हजार रुपए और एक चांदी का छत्र बरामद किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। आरोपी के खिलाफ चोरी के कई मामले दर्ज हैं।