स्वाइन फ्लू के 10 पॉजिटिव मरीज मिले
शहरमें स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती 10 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आरएमआरसीटी से पॉजिटिव आई है। इनमें से 4 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं इस बीमारी के 23 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें से 8 मरीजों को हमीदिया और जेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू वार्ड में पलंग खाली होने के कारण नमूना लेकर घर भेज दिया। सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों के इलाज की यह स्थिति तब है जब राजधानी में इस बीमारी से 12 मरीजों की मौत हो चुकी है।
जेपी अस्पताल में मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक स्वाइन फ्लू के चार मरीजों के नमूने लिए गए। चारों मरीजों को स्वाइन फ्लू वार्ड के डॉक्टरों ने नमूना लेकर घर भेज दिया वहीं हमीदिया अस्पताल के स्वाइन फ्लू वार्ड में दो नए मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। दोनों ही मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वाइन फ्लू वार्ड में मरीजों के लिए पलंगों की कमी पड़ने के बाद सरकार ने स्वाइन फ्लू के सी कैटेगरी के गंभीर मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती करने के मौखिक निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके चलते डॉक्टर्स ने सी केटेगरी वाले सामान्य मरीजों को वार्ड में भर्ती करना बंद कर दिया है। नतीजतन ऐसे मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
हमीदिया अस्पताल के फ्लू आइसोलेशन वार्ड में विशेष सावधानियां रखी जा रही हैं।