एक-सी हो पुलिस यूनिफॉर्म
गृहमंत्रीबाबूलाल गौर ने मंगलवार शाम तीन थानों और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थानों में मौजूद पुलिसकर्मियों की यूनिफॉर्म में एकरूपता रखने के निर्देश भी दिए। गांधी मार्केट के पास बनी चौकी में उन्हें कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। हालांकि, पुरानी जेल रोड और चेतक ब्रिज पर लगे स्प्रिंग डेलिनेटर को उन्होंने सराहा भी है।
शाम करीब चार बजे गौर अपने काफिले के साथ 74 बंगला स्थित अपने बंगले से निकले। ठंडी सड़क होते हुए वे पुरानी जेल फिर चेतक ब्रिज पर पहुंचे। यहां सड़क पर लगे स्प्रिंग डेलिनेटर (लेन डिवाइडर) का जायजा लेने के बाद उसकी सराहना की। इसके बाद उनका काफिला गोविंदपुरा थाने पहुंचा। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को उन्होंने बाहर बुलाया। यहां एक सीध में उन्हें खड़ा कर उनकी यूनिफॉर्म देखी। इसमें किसी पुलिसकर्मी की खाकी पेंट का रंग हल्का था तो किसी का गाढ़ा। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने डीआईजी से कहा कि सभी पुलिसकर्मियों की यूनिफॉर्म और जूतों में एकरूपता होनी चाहिए। यहां से वे गांधी मार्केट के पास बनी पुलिस चौकी पर पहुंचे, लेकिन चौकी में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। फिर वे पिपलानी थाने गए और पुलिसकर्मियों को महीने में एक दिन की छुट्टी देने की बात कही।
इस बीच उनके काफिले में मौजूद वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हालांकि, युवक को चोट नहीं आई और अफसरों ने उसे फौरन रवाना कर दिया।