भोपाल से अगवा छात्रा की रेहटी में हत्या
मिसरोदथाना क्षेत्र से अगवा की गई आठवीं की छात्रा की रेहटी में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी कौन है और उसने क्यों वारदात को अंजाम दिया। इसका खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि, छात्रा के परिवार मिसरोद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करने के बाद भी उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
लिबर्टी कॉलोनी, मिसरोद में रहने वाले अवधेश झा मंडीदीप स्थित एक फैक्टरी में ऑपरेटर हैं। उनकी 13 वर्षीय बेटी प्रेरणा आठवीं की छात्रा थी। रेहटी टीआई अनिल तिवारी के मुताबिक बीती 31 जनवरी की शाम करीब सवा छह बजे प्रेरणा अपने परिचित के घर जाने का कहकर घर से निकली थी। वह जब घर नहीं लौटी तो काफी तलाश के बाद परिवार ने मिसरोद थाने पहुंचकर अपहरण का मामला दर्ज करवाया। दो फरवरी को एक अज्ञात किशोरी का निर्वस्त्र शव रेहटी स्थित बाया गांव की कच्ची नहर में मिला। पोस्टमार्टम में उसका गला दबाने से मौत होने का पता चला तो पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया। पेंफ्लेट छपवाकर उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में भेजे गए। मंगलवार को मिसरोद पुलिस ने वह पेंफ्लेट परिवार को दिखाया तो वे छात्रा को पहचान गए। पहचान होने का पता चलते ही रेहटी पुलिस मिसरोद थाने पहुंच गई। छात्रा के परिवार को भी यहां बुलाया गया। छात्रा के ममेरे भाई दीपक ने आरोप लगाया है कि अपहरण दर्ज होने के बाद परिवार ने पुलिस को कुछ अहम जानकारियां दी थीं। यदि पुलिस ने इस मामले में ठोस कदम उठाए होते तो शायद उसकी जान बच जाती।
मृतक प्रेरणा झा