- Hindi News
- वन रक्षक भर्ती परीक्षा : दो के खिलाफ चालान पेश
वन रक्षक भर्ती परीक्षा : दो के खिलाफ चालान पेश
तीन लाख तक में हुआ था आरक्षक बनवाने का सौदा
एसटीएफ ने वन रक्षक भर्ती परीक्षा 2013 के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ पूरक चालान पेश किया है। व्यापमं ने वन रक्षक भर्ती परीक्षा मार्च 2013 में आयोजित की थी। इसमें दलालों ने आरोपियों से लाखों रुपए लेकर परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाकर चयन कराया था। मंगलवार को एसटीएफ ने आरोपी रिंकू जाटव और बृजमोहन गौड़ के खिलाफ पूरक चालान सीजेएम पंकज सिंह माहेश्वरी की अदालत में पेश किया।
एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ कि वन रक्षक ऋषिकेश टैगोर ने दलाल जितेंद्र अर्गल को पांच लाख रुपए दिए थे। जितेंद्र ने अन्य व्यक्ति को परीक्षा में बैठाकर उसे पास कराया था। आरोपी वन आरक्षक राजेश कुमार ने दलाल रवि टैगोर को भर्ती के लिए पांच लाख आरोपी योगेंद्र सिंह बाजोरिया ने दलाल ज्ञानेंद्र त्रिपाठी उर्फ छोटू को साढ़े तीन लाख रुपए दिए थे। एसटीएफ ने ऋषिकेश टैगोर, राजेश कुमार, योगेंद्र सिंह, दलाल जितेंद्र अर्गल, रवि टैगोर, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, गंगाराम और रामवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
एसटीएफ ने पूरक चालान में बताया है कि आरोपी आरक्षक ओके यादव को 15 सितंबर 2014 को गिरफ्तार किया था। यादव से अजय शाक्य ने परीक्षा पास कराने के लिए डेढ़ लाख रुपए लिए थे। गिरफ्तार आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह जादौन से दलाल आशीष शर्मा ने चार लाख रुपए पास कराने के लिए थे। आरोपी मनोज सिंह कुशवाहा को 27 सितंबर 2014 को गिरफ्तार किया गया। उसने दलाल शांतिलाल शर्मा उर्फ कौशल शर्मा को तीन लाख रुपए दिए थे। गिरफ्तार आरोपी श्रीनिवास सिंघल से दलाल ने तीन लाख रुपए लेकर पास कराने का वादा किया था।