नगर निगम चुनाव
वार्ड आरक्षण आज, एसटी श्रेणी से बाहर होगा कोलार का वार्ड 85
नगरनिगम क्षेत्र का विस्तार कर बनाए गए 85 वार्डों में आरक्षण के लिए बुधवार सुबह 12 बजे गांधी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी के द्वारा 50 अनारक्षित वार्ड निकाले जाएंगे। 12 वार्ड अनुसूचित जाति (एससी), 2 वार्ड अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 21 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित होंगे। इनमें से भी महिला वर्ग के लिए अलग लॉटरी निकाली जाएंगी। महिलाओं के लिए 42 वार्ड आरक्षित होंगे। करीब दो बजे तक आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। कितने मौजूदा पार्षदों के वार्ड आरक्षण से बच पाएंगे, यह दोपहर एक बजे तक पता चल जाएगा।
आरक्षण के बाद ही भाजपा और कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदारी तेज हो जाएगी। कांग्रेस से कैलाश मिश्रा, मो. सगीर, गिरीश शर्मा, शाहिद अली, सुधीर गुप्ता भाजपा से कृष्णमोहन सोनी, आशाराम शर्मा, सुरजीत सिंह चौहान आदि की उम्मीदें आरक्षण पर टिकी हैं। गौरतलब है कि एससी और एसटी का आरक्षण आबादी के आधार पर तथा ओबीसी महिला का आरक्षण लाटरी से होता है।