चौक में जुलूस नहीं चाहते हैं व्यापारी
चौकबाजार निवासी सुरेश चौधरी की प|ी शगुन को एक महीने पहले ब्रेन स्ट्रोक हुआ। परिजनों ने तुरंत फोन कर एबुलेंस बुलाई, जो बाजार तक पहुंचने वाली सड़क पर ट्रैफिक जाम होने के कारण फंस गई। शगुन के परेशान परिजन उन्हें स्कूटर पर बैठाकर पीरगेट तक ले गए। वहां से उन्हें एंबुलेंस में अस्पताल भेजा गया। गंभीर हालत के बावजूद शगुन को अस्पताल पहुंचाने में पौन घंटे लग गए।
चौक बाजार निवासी सुरेश चौधरी ही नहीं, बल्कि यहां रहने वाले सभी व्यापारियों को बाजार सहित मारवाड़ी रोड़, जुमेराती और लखेरापुरा की सड़क पर ट्रैफिक जाम के कारण परेशान होना पड़ रहा है। इसलिए अब चौक बाजार व्यापारी संघ ने पोस्टर लगाकर सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आयोजन से पहले क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखने की मांग की है।
चौक बाजार व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि संस्थाओं के जुलूस चौक बाजार से निकलते हैं। इनसे सुभाष चौक और उसके आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक जाम लग जाता है। इसका असर कारोबार पर भी पड़ता है।
चौधरी क्लाॅथ स्टोर के संचालक अनुभव जैन ने बताया कि इन जुलूस से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों को लाने-ले-जाने में आती है। घर का कोई सदस्य बीमार हो जाए तो बाजार में होने वाली भीड़ के बीच से निकलना मुश्किल हो जाता है।
व्यापारियों ने सुभाष चौक पर इस तरह के पोस्टर लगाए हैं।