- Hindi News
- बाघों को शिकारियों से बचाएगा स्निफर डाॅग
बाघों को शिकारियों से बचाएगा स्निफर डाॅग
भोपालवन मंडल के समरधा रेंज में घूम रहे बाघों की सुरक्षा अब स्निफर डॉग करेगा। स्निफर डॉग जैकी को जनवरी 2015 से माह में दो बार कलियासोत, केरवा, मिंडोरा, रीछनखोह, सरोतिया पुरा सहित पूरे रेंज में घूमाकर शिकारियों द्वारा लगाए जाने वाले जाल, फंदों को खोजा जाएगा। इस डॉग को बाघ, तेंदुआ, चीतल, ब्लैक बक, बारहसिंघा के सींग और उनके शरीर के अवयव पकड़ने के लिए ट्रेंड किया गया है। वन अधिकारियों का कहना है कि स्निफर डॉग के साथ उन स्थानों की भी सर्चिंग की जाएगी जिन स्थानों से हाइटेंशन लाइन या बिजली के लिए लाइन गई है।
जनवरी 2015 से माह में दो बार इटारसी से स्निफर डॉग जैकी को यहां लाया जाएगा। समरधा रेंज के अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि डाॅग के साथ उसके मास्टर ट्रेनर पदमसिंह राजपूत, डॉग स्क्वाॅड एक्सपर्ट और वन विभाग के कर्मचारी सर्चिंग में रहेंगे।
पहले भी पकड़वा चुका है शिकारियों को
भोपाल फाॅरेस्ट सर्किल में 5 जून 2012 को हुए बाघ के शिकार के बाद जैकी को लाया गया था। उस समय जंगल में छिपे मुख्य आरोपी लीला किशन को उसने ही पकड़वाया था। इसके बाद चलाए गए सर्चिंग अभियान में भी जैकी ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कराने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके अलावा जैकी ने 37 फंदे, जाल शिकार करने वाले हथियारों का पता लगाया था।
दो डॉग संभाल रहे पूरे प्रदेश को
अभी तक चोरी, मर्डर और विस्फोटक सामान की जांच करने के लिए स्निफर डॉग को ट्रेंड किया जाता था। अब मादा डॉग जिनी और नर डॉग जैकी को नौ महीने की उम्र से भोपाल स्थित श्वान प्रशिक्षण केंद्र में वाइल्ड लाइफ के लिए ट्रेंड किया गया है। जिनी और जैकी को हैदराबाद से खास तौर पर वाइल्ड लाइफ के लिए लाया गया था। अभी तक जिनी ने 15 और जैकी ने 35 शिकारियों को पकड़वाया है। वर्तमान में इंदौर के रहवासी इलाके में तेंदुआ दिखने की सूचना मिलने के बाद जैकी को इंदौर भेजा गया है। वह इंदौर में तेंदुए की तलाश करेगा।
स्निफर डाॅग जैकी।