- Hindi News
- चिकित्सा शिक्षा विभाग करेगा पीएमटी में गड़बड़ी की जांच
चिकित्सा शिक्षा विभाग करेगा पीएमटी में गड़बड़ी की जांच
राज्यके सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए पीएमटी 2009 से 2012 तक हुई गड़बड़ियों की जांच व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) नहीं करेगा।
मामले की जांच चिकित्सा शिक्षा विभाग के अफसर करेंगे। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग एक कमेटी बनाई है। इस कमेटी में व्यापमं के अफसर बतौर नोडल ऑॅफिसर शामिल होंगे। यह निर्णय व्यापमं ने मंगलवार को लिया है।
मेडिकल कॉलेजों के छात्रों की बर्खास्तगी निरस्त करने के संबंध में हाईकोर्ट से जारी आदेश का अध्ययन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। व्यापमं चेयरमैन एमएम उपाध्याय ने बताया कि हाईकोर्ट ने छात्रों के एडमिशन निरस्त करने की कार्रवाई को गलत माना है। साथ ही व्यापमं की जांच रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया है। बर्खास्त किए गए छात्रों को सुनवाई का मौका देने के कारण कोर्ट ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग की यह कमेटी गड़बड़ी मामले की जांच करेगी। छात्रों पर लगे आरोपों के संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग को व्यापमं जरूरी दस्तावेज मुहैया कराएगा।
इसके लिए ज्वाइंट कंट्रोलर परीक्षा डॉ. आरके गांधी और मंडल की एडिशनल डायरेक्टर उर्मिला शुक्ला को नोडल अधिकारी बनाया है। दोनों ही अधिकारी चिकित्सा शिक्षा विभाग और व्यापमं के बीच जांच के दौरान को-आॅर्डिनेशन का काम करेंगे।