- Hindi News
- परीक्षाओं में गड़बड़ी कर बिगाड़ दिया बच्चों का कॅरियर
परीक्षाओं में गड़बड़ी कर बिगाड़ दिया बच्चों का कॅरियर
व्यापमंकी पीएमटी, प्रीपीजी, संविदा शिक्षक सहित आधा दर्जन प्रवेश और चयन परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले अफसरों ने हमारे बच्चों का कॅरियर बिगाड़ दिया। एसटीएफ हर रोज नए खुलासे कर रही है और गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार राजनेताओं और अफसरों को सरकार बचा रही है। यह आरोप सोमवार को व्यापमं घोटाला संघर्ष समिति के समन्वयक आरएसएस के प्रचारक रहे अभय जैन और मनीष काले ने लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
समिति के 300 सदस्यों ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर छह घंटे प्रदर्शन किया और यहां उन्होंने हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। जब वे वल्लभ भवन की ओर बढ़े तो पुिलस ने उन्हें रोक लिया, साथ ही एसडीएम को ज्ञापन सौंपने की सलाह दी। हालांकि प्रदर्शनकारी ज्ञापन मुख्यमंत्री को ही सौंपने की जिद पर अड़े रहे। इस पर पुलिस ने िबना अनुमति प्रदर्शन कर रहे 118 सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद मे रिहा कर दिया गया।
उज्जैन के राहुल पाटिल ने बताया कि उसने संविदा शिक्षक वर्ग-3 की पात्रता परीक्षा दी थी। रिजल्ट में उसे पात्र घोषित किया गया, लेकिन मेरिट में नंबर पीछे होने से वह शिक्षक नहीं बन सका। राहुल का आरोप है कि गड़बड़ी से उसका कॅरियर बिगड़ गया।
प्रदर्शन में शामिल रुक्मणी वर्मा ने बताया कि पीएमटी 2013 में उनके भतीजे (ललित) का वेटिंग लिस्ट में 20वां स्थान था। यदि गड़बड़ी नहीं होती तो उसे दाखिला मिल गया होता। उनका आरोप है प्रवेश परीक्षा में अवैध तरीके से 415 छात्रों को पास किया गया।
प्रदर्शन के दौरान तेज धूप से बचने के लिए छात्राओं ने बैनर-पोस्टर का सहारा लिया।
1
2