- Hindi News
- प्रदेश के कर्मचारी 30 को सामूहिक अवकाश पर
प्रदेश के कर्मचारी 30 को सामूहिक अवकाश पर
भोपाल| अपनी33 सूत्रीय मांगों का निराकरण होने से खफा प्रदेश के पांच लाख कर्मचारी आगामी 30 सितंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस आंदोलन में शासकीय कर्मचारियों के साथ संविदा, दैनिक वेतन भोगी एवं अध्यापक संवर्ग के कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने बताया कि इसके पूर्व 16 से 18 सितंबर तक प्रदेश भर के शासकीय कर्मचारी काली पट्टी लगाकर दफ्तरों में कामकाज करेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 16 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कर्मचारी संगठनों की बैठक में 20 प्रमुख मांगों के निराकरण पर सहमति बनी थी। लेकिन अधिकारी अड़ंगा लगा रहे हैं। इसके चलते कर्मचारियों की जायज मांगों के संबंध में आदेश जारी नहीं हो पा रहे हैं। द्विवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों की जायज मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो प्रदेश के पांच लाख कर्मचारी नगरीय निकाय के चुनाव को प्रभावित करेंगे। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान, ग्रेड पे में सुधार, केंद्रीय तिथि से शेष सात प्रतिशत महंगाई भत्ता देने, दैवेभो एवं संविदा कर्मचारियों को नियमित करने आदि मांगों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।