पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अगले सत्र से दो साल के होंगे बीएड, एमएड, बीपीएड कोर्स

अगले सत्र से दो साल के होंगे बीएड, एमएड, बीपीएड कोर्स

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बैचलरऑफ एजुकेशन (बीएड), मास्टर ऑफ एजुकेशन (एमएड), बैचलर आॅफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड) और मास्टर आॅफ फिजिकल एजुकेशन (एमपीएड) कोर्स अगले सत्र से दो-दो साल के हो जाएंगे। अब तक इन पाठ्यक्रमों की अवधि एक-एक साल की थी। नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजुकेशन (एनसीटीई) ने सभी कोर्सेस में बदलावों को मंजूरी दे दी है। इसके लिए एनसीटीई (रिकग्निशन नॉर्म्स एंड प्रोसिजर) रेगुलेशन 2014 जारी भी हो गया है। ये बदलाव सत्र 2015-16 से लागू हो जाएंगे।

नए बदलाव के तहत एनसीटीई चार साल का एक नया कोर्स भी शुरू करेगा। छात्र अब कक्षा 12वीं के बाद सीधे चार साल के कोर्स बैचलर ऑफ एलीमेंट्री एजुकेशन (बीएलएड) में एडमिशन ले सकेंगे। यह कोर्स पहले से संचालित बीए-बीएड और बीएससी-बीएड से अलग होगा। इसके साथ ही एनसीटीई ने बीएड का पार्ट टाइम कोर्स और बीएड-एमएड इंटीग्रेटेड कोर्स भी लॉन्च किए हैं। इन कोर्सेस की अवधि तीन-तीन साल होगी। अब एजुकेशन से संबंधित कोर्सेस की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। सभी कोर्सेस में सीटों की संख्या 50 रहेगी। इन सभी कोर्सेस में एडमिशन की प्रक्रिया 60 दिनों में पूरी करनी होगी। बीएड का पार्टटाइम कोर्स उन लोगों के लिए लॉन्च किया गया है, जो पहले से स्कूलों में बतौर शिक्षक पढ़ा रहे हैं।

एनसीटीई द्वारा एजुकेशन कोर्सेस में बदलाव के लिए पिछले कुछ सालों से लगातार तैयारी की जा रही थी। पाठ्यक्रमाें की समीक्षा के लिए एनसीटीई ने अलग-अलग कमेटी गठित की थी। बत्रा कमेटी ने एनसीटीई को सभी कोर्सेस की अवधि बढ़ाने के साथ ही सुनियोजित तरीके से लाॅन्च करने के लिए सत्र 2015-16 को जीरो ईयर घोषित करने का सुझाव दिया था। हालांकि एनसीटीई ने इसे खारिज कर दिया है। एनसीटीई की वेस्टर्न रीजन कमेटी की चेयरमैन माला श्रीवास्तव के अनुसार इस रेगुलेशन का गजट नोटिफिकेशन 28 नवंबर 2014 को जारी हो चुका है। नई व्यवस्था सत्र 2015-16 से ही लागू हो जाएगी।