- Hindi News
- पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र एक अप्रैल से होंगे बंद
पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र एक अप्रैल से होंगे बंद
शहरमें बिखरते परिवारों को बचाने के लिए चलाए जाने वाले परिवार परामर्श केंद्र एक अप्रैल से बंद हो जाएंगे। केंद्र सरकार ने नौ साल पहले शुरू किए इन केंद्रों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। यह केंद्र महिला थाना सहित छह थानों में चल रहे थे। हालांकि इस निर्णय के विरोध में काउंसलर्स ने मप्र महिला सशक्तिकरण संचालनालय, महिला सेल डीआईजी को ज्ञापन सौंपा है।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग ने 1 जून 2006 से स्वाधार योजना के तहत महिलाओं के हित में काउंसलिंग सेंटर खोले थे। इनका संचालन 10 साल तक केंद्र सरकार को ही करना था। इसके बाद इनका जिम्मा राज्य सरकार का था। जब राज्य सरकार ने इस जिम्मेदारी को उठाने के कोई कदम नहीं उठाए तो केंद्र ने इन्हें बंद करने का फरमान जारी कर दिया। महिला सशक्तिकरण अायुक्त कल्पना श्रीवास्तव का कहना है कि वे केंद्रीय महिला बाल विकास विभाग से इस संबंध में बात करेंगी। वहीं डीआईजी डी. श्रीनिवास वर्मा का कहना है कि परामर्श केंद्र ने कई मामले अच्छे तरीके से सुलझाए हैं। इसे बचाने के लिए प्रस्ताव बनाकर दिया जाएगा।