शहर के स्कूलों में बेहतर हों व्यवस्थाएं
नगर निगम आयुक्त तेजस्वी एस नायक ने शहर की सीमा में स्थित सभी सरकारी स्कूलों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि स्कूलों में पीने के पानी के अलावा अत्याधुनिक टॉयलेट का निर्माण करवाया जाएगा। वे यहां शनिवार को समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर रहे थे।
श्री नायक ने सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग में आवश्यक मरम्मत करने, टूटे हुए टाइल्स लगाने नए निर्माण कार्य भी जल्द पूरे करने की बात कही। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को समग्र आईडी उपलब्ध करवाने और नए जनरेट करने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर आयुक्त जीपी माली, मुख्य अभियंता डीके भावसार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।