- Hindi News
- 100 बिस्तर का अस्पताल शुरू, आईसीयू अगले हफ्ते
100 बिस्तर का अस्पताल शुरू, आईसीयू अगले हफ्ते
राजधानीके ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स) का 100 बिस्तर का 24x7 अस्पताल सोमवार को शुरू हो गया। अब अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार भर्ती कर इलाज दिया जा सकेगा।
संस्थान के डायरेक्टर डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल में मेडिसिन, आर्थोपेडिक्स, सर्जरी, स्त्री रोग और न्यूरोलॉजी विभाग में इलाज कराने वाले सामान्य मरीजों को भर्ती किया जाएगा। फिलहाल संस्थान के सभी डिपार्टमेंट में मरीजों की इमरजेंसी जांचें करने के लिए अलग से व्यवस्था नहीं है। इस वजह से इन पांच डिपार्टमेंट में इलाज के लिए भर्ती होने वाले मरीजों की पैथालॉजी और रेडियोलॉजी से संबंधित जांचें की जाएंगी।
साेमवार को एम्स की अोपीडी में 450 मरीजों को इलाज दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक ओपीडी में आए सभी मरीज सामान्य बीमारियों के थे। इस कारण किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया।
एम्स डायरेक्टर डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल में 20 बिस्तर का माॅडर्न आईसीयू बनाया गया है। गंभीर हालत के मरीजों के लिए आईसीयू में वेंटिलेटर, मल्टी पेरा मॉनीटर लगाए हैं। आॅक्सीजन सप्लाई के लिए सेंट्रल पाइप लाइन की फिटिंग का काम पूरा हो गया है। आॅक्सीजन वाॅल्व के इंस्टालेशन के बाद अगले सप्ताह आईसीयू भी शुरू कर दिया जाएगा।