- Hindi News
- अटकी बीपीएड परीक्षा, बीयू लिखेगा एसटीएफ को पत्र
अटकी बीपीएड परीक्षा, बीयू लिखेगा एसटीएफ को पत्र
स्पेशलटास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड) कोर्स संचालित करने वाले कॉलेजों की जांच की स्थिति एक महीने बाद भी साफ नहीं हो सकी है। कॉलेजों की जांच एसटीएफ के स्तर पर लंबित होने के कारण बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की सत्र 2013-14 की बीपीएड परीक्षा अटक गई है। विवि अभी तक परीक्षा का नया टाइम टेबल तय नहीं कर पाया है। इस मामले में हो रही देरी को देखते हुए रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी ने गुरुवार को एक पत्र एसटीएफ को भेजने की बात कही है।
एसटीएफ ने बीपीएड कॉलेजों की संबद्धता में हुई गड़बड़ियों की शिकायत के बाद बीयू प्रशासन से सभी बीपीएड कॉलेजों के दस्तावेज मांगे थे। यह कार्रवाई सत्र 2013-14 की परीक्षा शुरू होने से ठीक दो दिन पहले हुई थी। जांच के कारण बीयू ने गत 30 अक्टूबर से शुरू होने वाली बीपीएड की परीक्षा स्थगित कर दी थी। इस परीक्षा में करीब 900 छात्र शामिल होने वाले थे। जांच के दायरे में बीयू से संबद्ध बीपीएड के 18 और एमपीएड के 5 कॉलेज आए हैं। रजिस्ट्रार का कहना है कि एसटीएफ को कॉलेजों से संबंधित सभी दस्तावेज जानकारी दिए हुए एक महीने से ज्यादा हो गए हैं। लेकिन अभी तक एसटीएफ की ओर से इस मामले में विवि के साथ कोई पत्राचार नहीं किया गया है। परीक्षा के इंतजार में छात्र लगातार इस संबंध में विवि के अधिकारियों से पूछताछ कर रहे हैं।
यह था मामला
बीयू से संबद्ध कॉलेजों के पास बीपीएड और एमपीएड के लिए एनसीटीई के मापदंड के अनुसार मान्यता नहीं होने की शिकायत एसटीएफ को की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि विवि ने एनसीटीई के मापदंड के अनुसार कॉलेजों का भौतिक सत्यापन किए बिना ही दाेनों पाठयक्रमों की मान्यता प्रदान कर दी है। शिकायत में बीयू के अधिकारियाें और कॉलेज संचालकों के बीच सांठगांठ कर दोनों पाठ्यक्रमों की परीक्षा कराने का आरोप भी लगाया गया था।