- Hindi News
- किसान विरोधी नीतियों के लिए सरकार को कोसा
किसान विरोधी नीतियों के लिए सरकार को कोसा
भास्कर न्यूज, टिमरनी (हरदा) | भारतीयकिसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अन्ना साहेब मुस्कुटे ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को लागत के अनुरूप भी फसल का मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने किसानों से अपने हकों के लिए एकजुट होकर लड़ने की अपील की। वे पोखरनी शुक्ल गांव में कृषक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित ने 16 दिसंबर को भोपाल में होने वाले प्रदर्शन में जिले से अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुस्कुटे ने कहा कि जो काश्तकारी कर रहे हैं वे ही इस संगठन के सदस्य नहीं हैं बल्कि गांवों में रहने वाला हर व्यक्ति जो खेती से जुड़े काम करते हैं, जैसे सुतार, लोहार, खेतीहर मजदूर वे भी सदस्य हैं। उन्होंने संघ के सदस्यता अभियान के लिए सभी से संकल्पित होकर जुटने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश गुर्जर ने संगठन की ग्राम इकाई स्थापना से लेकर अब तक किए गए कार्यों को विस्तार से बताया। सम्मेलन में प्रांताध्यक्ष रामभरोस बाकोतिया भी मौजूद थे। अध्यक्षता रामकृष्ण पटेल रन्हाईकलां ने की। ग्राम इकाई अध्यक्ष परमानंद दोगने, मंत्री अरविंद चौधरी, नरेंद्र दोगने, विनोद पाटिल ने अतिथियों का स्वागत किया।