- Hindi News
- मार्च में पहली ऑनलाइन परीक्षा कराएगा व्यापमं
मार्च में पहली ऑनलाइन परीक्षा कराएगा व्यापमं
पीएमटी,संविदा शिक्षा, खाद्य निरीक्षक, जेल प्रहरी आदि परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर चर्चा में रहा व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) अब मार्च 2015 में पहली ऑनलाइन परीक्षा कराएगा।यह निर्णय बुधवार को व्यापमं की परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया।
व्यापमं चेयरमैन एमएम उपाध्याय ने बताया कि दूसरी संस्थाओं की तर्ज पर परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने ऑनलाइन परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत मार्च में भर्ती परीक्षाओं से की जाएगी। इसके लिए व्यापमं अगले दो महीने में सॉफ्टवेयर बनवाएगा। ऐसा पर्चा लीक होने और रिजल्ट में गड़बड़ी होने जैसी आशंकाओं को खत्म करने के लिए किया जा है। ऑनलाइन परीक्षा व्यवस्था लागू होने से रिजल्ट भी तीन सप्ताह के भीतर घोषित किए जा सकेंगे।
स्कैनिंग के बाद लॉक हो जाएगा कंप्यूटर
उपाध्याय ने बताया कि अब व्यापमं ने विभिन्न परीक्षाओं के रिजल्ट बनाने की व्यवस्था को भी बदल दिया है। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा शाखा की ओएमआर स्कैन मशीन से सिर्फ एक कंप्यूटर जोड़ा जाएगा। आंसरशीट की स्कैनिंग के बाद एक विशेष प्रकार का 12 अंकों का सिक्युरिटी कोड कंप्यूटर जारी करेगा। इस कोड की मदद लिए बिना परीक्षा शाखा का कोई भी अफसर संबंधित छात्र का स्कैन्ड डेटा, रिजल्ट शीट में प्रोसेस नहीं कर सकेगा। सेक्शन के सभी कंप्यूटर सर्वर के मार्फत एक दूसरे से नहीं जुड़े रहेंगे। यह व्यवस्था परीक्षा शाखा में ओएमआर शीट की स्कैनिंग के दौरान डेटा को गोपनीय रखने के लिए लागू की गई है।