भोपाल. तीसरी रेल लाइन पर भोपाल से दीवानगंज तक के 28 किमी के सेक्शन में नई दिल्ली-हबीबगंज शताब्दी एक्सप्रेस 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने लगेगी। यह व्यवस्था अगले महीने के अंत से शुरू होगी। इसके लिए भदभदा और दीवानगंज के बीच पटरियों को जोड़ने का काम 15 फरवरी से शुरू किया जा रहा है। सूखी सेवनियां से भदभदा के बीच सेक्शन की शुरुआत के बाद पिछले सप्ताह से शताब्दी की स्पीड बढ़ाने के लिए ट्रायल भी हो चुका है। यह काम इस साल सितंबर तक पूरा होगा।
रेल अधिकारियों के मुताबिक भोपाल-दीवानगंज सेक्शन में अन्य ट्रेनों की औसत स्पीड भी 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी। अभी स्पीड औसतन 80 किमी प्रतिघंटा है। इस सेक्शन के शुरू होते ही सूखी सेवनियां से भदभदा, गुलाबगंज-पवई, पवई- बासौदा, बासौदा-बरेठ समेत कुल पांच सेक्शन में तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। वहीं, बीना से भोपाल के बीच 144 किमी के तीसरी रेल लाइन के सारे सेक्शन चालू हो जाने पर शताब्दी एक्सप्रेस 20 से 25 मिनट पहले भोपाल सकती है।