- Hindi News
- डेंगू का संक्रमण 7 दिन में रोकने के निर्देश
डेंगू का संक्रमण 7 दिन में रोकने के निर्देश
नसं. भोपाल | कोलारक्षेत्र में डेंगू के संक्रमण पर एक हफ्ते के भीतर काबू होना चाहिए। ये निर्देश सोमवार को कलेक्टर निशांत वरवड़े ने कोलार नपा सीएमओ सत्येंद्र धाकरे को दिए। साथ ही नगर निगम कमिश्नर तेजस्वी एस नायक को भी इस संबंध में कोलार क्षेत्र के अधिकारियों को मदद करने के निर्देश दिए हैं। वे शहर में डेंगू के बढ़ रहे संक्रमण की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. पंकज शुक्ला ने कलेक्टर को बताया कि राजधानी में डेंगू के सबसे ज्यादा मरीज कोलार और साउथ टीटी नगर में मिले हैं। इसकी वजह दोनों क्षेत्रों में लाेगों के घराें में 4 से 10 दिन तक पानी को स्टोर करना है। इसके अलावा दोनों क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था सही नहीं है। इस कारण शहर के दोनों इलाके डेंगू सेंसेटिव हो गए है। दोनों क्षेत्रों में डेंगू का संक्रमण रोकने नपा और निगम अमले को 3 दिन से ज्यादा समय तक पानी का स्टोर करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई के आदेश दिए जाएं। सीएमएचओ के प्रस्ताव पर कलेक्टर ने नपा सीएमअो को डेंगू नियंत्रित करने स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
7 नए डेंगू पॉजिटिव मरीज मिले
राजधानी के कोलार और टीटी नगर क्षेत्र में डेंगू का संक्रमण नहीं रुक रहा है। सोमवार को जेपी अस्पताल और जिला मलेरिया कार्यालय लैब में 15 मरीजों के खून की डेंगू जांच की गई। इनमें से 7 मरीजों की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे राजधानी में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 169 हाे गई है। जो बीते साल मिले डेंगू पॉजिटिव मरीजों से 4 ज्यादा है।