आरजीकेए में फंदा के खिलाड़ी छाए
राजीवगांधी खेल अभियान (आरजीकेए) जिला स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता में फंदा ब्लाॅक के खिलाड़ी छाए रहे। उन्होंने हाॅकी, हैंडबाॅल, खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स की कई इवेंट में स्वर्ण जीते। अंकुर मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें हैंडबाॅल के फाइनल में फंदा के मिंडोरी ने फंदा कला को हराया। बालिका वर्ग में भी फंदा ही चैंपियन बना। वालीबाॅल में हिनौती सड़क ने हर्राखेड़ा को 15-11, 15-11 से हराया। खो-खो के फाइनल में फंदा कला ने हर्राखेड़ा को हराया। बालिका वर्ग की खो-खो में फंदा ने बैरसिया को मात दी। फुटबॉल में हर्राखेड़ा ने बाजी मारी। कबड्डी में फंदा के मिंडोरी ने बैरसिया को 27-20 अंकों से हराया। बालिका वर्ग में फंदा इकलौती टीम होने से स्वत: ही चैंपियन बन गई। चक्का फेंक में शुभम डोडिंया और प्रीति अहिरवार, गोलाफेंक में गोलू और स्वाति कुशवाह जीते। 100 मीटर में कुलदीप और रीना अहिरवार सबसे तेज धावक रहे। 400 मीटर में प्रशांत रवडे और प्रीति अहिरवार ने बाजी मारी। इससे पूर्व जिला खेल अधिकारी वंदना सक्सेना ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
अंकुर मैदान पर कबड्डी के फाइनल में फंदा का खिलाड़ी रेड डालता हुआ।