सोनोग्राफी कराए बिना कर दिए 60 एबॉर्शन
गौतमनगर स्थित निवेदिता मेटरनिटी एंड नर्सिंग होम में 60 महिलाओं का एबाॅर्शन बिना सोनोग्राफी किए ही करा दिया गया। यह बात सीएमएचओ डॉ. पंकज शुक्ला द्वारा मंगलवार को नर्सिंग होम के निरीक्षण में सामने आई है। सीएमएचओ ने इस नर्सिंग होम का मेडिकल टर्मिनेशन अॉफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) यानी एबॉर्शन का लायसेंस निरस्त कर दिया है।
सीएमएचओ मंगलवार की शाम इस नर्सिंग होम के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। सीएमएचओ ने बताया कि नर्सिंग होम में गलत तरीके से एबॉर्शन कराने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच में नर्सिंग होम में अप्रैल 2014 से अब तक 110 से ज्यादा महिलाओं के एबाॅर्शन किए जाने का रिकाॅर्ड मिला है, लेेकिन एक भी एमटीपी फाॅर्म में सोनोग्राफी की रिपोर्ट नहीं मिली है। डॉ. शुक्ला ने कहा कि यह एमटीपी एक्ट के नियमों का उल्लंघन है। नर्सिंग होम से एमटीपी और सोनोग्राफी के रिकाॅर्ड को जब्त किया गया है। बुधवार को जब्त रिकाॅर्ड की जांच के बाद नर्सिंग होम की डायरेक्टर को नोटिस जारी किया जाएगा। सीएमएचओ ने बताया कि नर्सिंग होम में जिन गर्भवतियों की सोनोग्राफी की गई, उनमें से एक का भी एबॉर्शन यहां होना नहीं पाया गया है। वहीं जिन महिलाओं ने एबाॅर्शन कराया, उनमें से एक भी महिला की सोनोग्राफी यहां नहीं हुई।
एबाॅर्शन कराने वालाें में होशंगाबाद रोड क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं की संख्या ज्यादा है।
^एबाॅर्शन कराने वाली हर महिला की सोनोग्राफी जरूरी नहीं होती। नर्सिंग होम में एक भी महिला के एबाॅर्शन में एमटीपी एक्ट का उल्लंघन नहीं हुआ है। सीएमएचओ ने नर्सिंग होम का रुटीन निरीक्षण किया है।\\\'\\\' डॉ.क्षमा धोड़पकर, डायरेक्टर,निवेदिता मेटरनिटी एंड नर्सिंग होम