अंतिम प्रस्ताव तैयार नोटिफिकेशन आज
नगरनिगम के 85 वार्ड बनाने का अंतिम प्रस्ताव कलेक्टर निशांत वरवड़े ने मंगलवार को तैयार कर इसे संभागायुक्त एसबी सिंह को भेज दिया है। अब बुधवार को संभागायुक्त इसे मंजूरी देकर राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेजेंगे। नोटिफिकेशन के साथ ही परिसीमन का प्रस्ताव लागू हो जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर तक वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर निगम चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएंगी।
सोमवार को कलेक्टर वरवड़े ने वार्ड परिसीमन पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई के बाद प्रस्ताव में संशोधन किया। लिहाजा, मंगलवार को निगम अफसर दिनभर संशोधन प्रस्ताव तैयार करते रहे। शाम को कलेक्टर ने हस्ताक्षर कर अंतिम प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा। जनसंख्या के आंकड़ों में गड़बड़ी होने के कारण इसे फिर से बनाकर भेजा गया है। वहीं, प्रस्तावित वार्ड 10, वार्ड 28, वार्ड 52, वार्ड 76 आदि की सीमाओं में भी मामूली बदलाव किया गया है।