पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डायलिसिस के लिए मिलेगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा

डायलिसिस के लिए मिलेगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजधानीके जेपी अस्पताल समेत अब सभी जिला अस्पतालों की डायलिसिस यूनिट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा रहेगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डायलिसिस यूनिट में मौजूद डॉक्टर सीधे नेफ्रोलॉजिस्ट से बात कर सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में डायलिसिस यूनिट तैयार करने वाली कंपनी को ऐसी व्यवस्था करने का आदेश दिया है।

राज्य सरकार, प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस यूनिट बनाने की कवायद कर रही है। इसके लिए 117 डायलिसिस मशीनें खरीदी जानी हैं। जेपी अस्पताल में पहले से ही डायलिसिस यूनिट चल रही है, लेकिन यहां कोई नेफ्रोलॉजिस्ट नहीं है, जबकि नियमों के मुताबिक, डायलिसिस के लिए एक नेफ्रोलॉजिस्ट का होना जरूरी है। अफसरों के मुताबिक, प्रदेश में नेफ्रोलॉजिस्ट की काफी कमी है। स्वास्थ्य संचालक डॉ. केके ठस्सू ने बताया कि जिला अस्पतालों में डॉक्टर को अगर डायलिसिस में कोई दिक्कत आती है, तो वह नेफ्रोलॉजिस्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात कर समस्या को सुलझा सकेंगे।





काफी प्रयासों के बाद भी सरकारी अस्पतालों के लिए नेफ्रोलॉजिस्ट नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नेफ्रोलॉजिस्ट की सलाह लेने का फैसला हुआ है।

प्रदेश में गिने चुने नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। सबसे ज्यादा 5 नेफ्रोलॉजिस्ट भोपाल में हैं। चार इंदौर में, दो जबलपुर में और एक नेफ्रोलॉजिस्ट ग्वालियर में है। ऐसे में प्रदेश सरकार डायलिसिस यूनिट के लिए हर जिला अस्पताल के मेडिकल विशेषज्ञों को डायलिसिस के लिए छह महीने की विशेष ट्रेनिंग देगी।