- Hindi News
- 53 दुकानदारों और मकान मालिकों को थमाए नोटिस
53 दुकानदारों और मकान मालिकों को थमाए नोटिस
इमामीगेट से मोती मस्जिद के बीच की सड़क की चौड़ाई 15 मीटर करने के लिए जिला प्रशासन ने 53 दुकानदारों और मकान मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने उनसे रोड के दायरे में रही जमीन का अधिग्रहण करने के लिए यह नोटिस दिया है। 15 दिन में इसका जवाब मिलने के बाद जिला प्रशासन, भूअर्जन की कार्रवाई शुरू करेगा। अगले छह महीने में यह कार्रवाई पूरी होने के बाद नगर निगम सड़क चौड़ीकरण का काम करेगा। इससे यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।
जिला प्रशासन के मुताबिक जमीन के मुआवजे के तौर पर संबंधितों को कुल 13 करोड़ 35 लाख रुपए दिए जाएंगे, जबकि सड़क को चौड़ा करने में 16 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। हाल ही में कलेक्टर निशांत वरवड़े ने बैठक बुलाकर निगम और नजूल अफसरों को भूअर्जन की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सीहोर नाके से मिसरोद तक बीआरटीएस की न्यूनतम चौड़ाई 30 मीटर रखी गई है। पुराने शहर में जगह की कमी को देखते हुए इसे मोती मस्जिद से इमामी गेट तक दो हिस्सों में बांट दिया गया है। एक हिस्सा सदर मंजिल की ओर जाता है और दूसरा हिस्सा पीरगेट तक पहुंचता है। प्लान में इन दोनों सड़कों को 15-15 मीटर चौड़ा करना प्रस्तावित है। ताकि आम ट्रैफिक के साथ ही बीआरटीएस की लो फ्लोर बसों को यहां से निकलने में दिक्कत हो। अभी यहां लो फ्लोर बसें ट्रैफिक में फंस जाती हैं।
मोती मस्जिद के पास इस सड़क के दोनेां ओर की दुकानों मकानों के मालिकों को दिए गए हैं नोिटस।
नगर निगम ने वर्ष 2009 में मोती मस्जिद फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट तैयार किया था। जनवरी 2012 में इसका वर्कआॅर्डर जारी होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका भूमिपूजन भी कर दिया। लेकिन निर्माण कार्य टलता रहा। कभी इसकी डिजाइन पर आपत्ति आई तो कभी लोगों का विरोध सामने आया। इसे देखते हुए नगर निगम ने निर्माण शुरू नहीं किया।