- Hindi News
- गोधा बंधुओं से दोबारा पूछताछ करेगी सीबीआई
गोधा बंधुओं से दोबारा पूछताछ करेगी सीबीआई
सिंडीकेट बैंक रिश्वत कांड मामले में राजधानी के कथित हवाला कारोबारी पुरुषोत्तम तोतलानी ने सीबीआई को गोधा बंधुओं के बारे में अहम जानकारी दी है। अब सीबीआई विनीत गोधा और पुनीत गोधा से फिर पूछताछ करेगी। इसके लिए उन्हें दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। सीबीआई प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है। उधर शनिवार को सीबीआई ने तोतलानी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर सीबीआई को सौंपा गया।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि तोतलानी के हवाला कारोबार से जुड़े होने के संबंध में अहम जानकारी मिली है। इस बात के भी प्रमाण मिले हैं कि तोतलानी गोधा बंधुओं से संपर्क में रहा है। तोतलानी ने जो जानकारी दी है, उसके वेरिफिकेशन के लिए अब गोधा बंधुओं से दोबारा पूछताछ की जाएगी। अगले दो-तीन दिनों में सीबीआई इसके लिए पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी लगाएगी। गोधा बंधु सिंडीकेट बैंक के पूर्व सीएमडी एसके जैन इस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं।