पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • उम्मीदवारों को आठ घंटे बैठाया फिर वापस भेजा

उम्मीदवारों को आठ घंटे बैठाया फिर वापस भेजा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मौलानाआजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में जूनियर रिसर्च फैलोशिप के इंटरव्यू के लिए एक दर्जन उम्मीदवारों को बुलाया गया। इनमें से ज्यादातर दूसरे राज्यों के थे। उन्हें अाठ घंटे तक इंतजार कराने के बाद शाम पांच बजे बताया गया कि इंटरव्यू नहीं होंगे। वजह यह कि उम्मीदवार इस फैलोशिप के लिए आवश्यक योग्यता नहीं रखते हैं। नाराज उम्मीदवार इसकी शिकायत भारत सरकार के न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी मंत्रालय से करेंगे।

एनर्जी सेंटर में कुल दो पदों के लिए यह इंटरव्यू होना थे। उम्मीदवारों ने भास्कर को बताया कि कॉल लेटर में बताए गए समय के अनुसार वह सुबह 10 बजे एनर्जी सेंटर में पहुंच गए। डॉक्यूमेंट्स के वेरीफिकेशन के बाद उन्हें दोपहर चार बजे तक इंतजार करना पड़ा। क्योंकि संस्थान के डायरेक्टर प्रो. अप्पू कुट्टन वहां नहीं पहुंचे थे। डायरेक्टर ने पहुंचने के बाद करीब एक घंटे तक स्टाफ के साथ मीटिंग की। इसके बाद इंटरव्यू कैंसिल करने की घोषणा कर दी गई।

उम्मीदवारों के अनुसार इसका कारण यह बताया गया कि इन पदों पर केवल उन्हीं का चयन किया जाना है, जिन्होंने रिन्यूएबल एनर्जी में एमटेक किया हो। जबकि छात्रों के अनुसार मैनिट ने जो विज्ञापन जारी किया था उसमें साफ लिखा था कि वे सभी उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने एनर्जी, ग्रीन टेक्नोलॉजी, एनर्जी स्टडीज और रिन्यूएबल एनर्जी में एमटेक किया हो। उधर, डायरेक्टर का कहना है कि न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार इन पदों के लिए केवल एनर्जी और रिन्यूएबल एनर्जी विषय के ही छात्र पात्र थे। लेकिन अन्य विषयों के भी छात्रों ने आवेदन कर दिया था। इसके कारण इंटरव्यू निरस्त करने पड़े हैं। इनकी नई तारीख बाद में जारी की जाएगी।