पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्कूल में छिपा था चोर, लोगों के हौसले से पकड़ा गया

स्कूल में छिपा था चोर, लोगों के हौसले से पकड़ा गया

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
साकेतनगर क्षेत्र में लोगों के हौसले से एक चोर को पकड़ लिया गया। आरोपी अपने दो साथियों के साथ एक वेटरनरी डॉक्टर की कार से टायर चुराने की फिराक में था। इसी बीच डॉक्टर की नींद खुल गई और उन्होंने भाई मोहल्लेवासियों के साथ उसका पीछा किया। आरोपी पास के ही एक स्कूल में छिप गया था, जहां से पुलिस की मदद से उसे धर दबोचा।

सेक्टर-3, साकेत नगर में रहने वाले डॉक्टर नीरज सिंह परिहार मिसरोद स्थित वेटरनरी अस्पताल में पदस्थ हैं। डॉ. परिहार के मुताबिक मंगलवार रात करीब 12 बजे वे टीवी देखने के बाद अपने कमरे में सोने जा रहे थे। तभी उन्हें घर के बाहर एक आहट सुनाई दी। खिड़की से देखा तो घर के सामने खड़ी उनकी कार से एक युवक टायर खोलने की कोशिश कर रहा था। यह देख उन्होंने पिता और भाई महेंद्र को जगाया और बाहर निकल कर उनकी ओर दौड़े। उन्हें देख आरोपी भाग निकला। तभी कुछ दूर खड़ी एक कार भी हबीबगंज नाके की ओर तेजी से बढ़ी, जिसमें आरोपी के दो साथी सवार थे।



पुलिस के हत्थे चढ़ा चोर सुमित

सूचना पर गोविंदपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद डॉ. परिहार ने मोहल्ले के लोगों और पुलिस के साथ मिलकर पैदल भागे आरोपी की काफी देर तक तलाश की। उसे तलाशते हुए सभी पास ही स्थित एक स्कूल में पहुंचे, जहां आरोपी दूसरी मंजिल पर छिपकर लेटा नजर आया। उसे पकड़ कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई आरपी दुबे के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी टीला जमालपुरा निवासी सुमित कुमार है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर ले लिया है। उसके साथी गिरफ्त से दूर हैं।