- Hindi News
- विधायकों ने कहा प्रियंका को सौंपी जाए कमान
विधायकों ने कहा-प्रियंका को सौंपी जाए कमान
भोपाल| प्रदेशकांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों का कहना है कि पार्टी की कमान प्रियंका गांधी को सौंपी जाए, इसके बाद ही खोया हुआ जनाधार पाया जा सकता है। पार्टी में आपसी झगड़े इसी तरह बने रहे तो वह दिन दूर नहीं कि दिल्ली की तरह प्रदेश में भी जनता को कांग्रेस का विकल्प ‘आप’ के रूप में मिल जाएगा और सत्ता में आने की बात तो दूर पार्टी तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगी। कांग्रेस के विधायकों और चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं की यह पीड़ा बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश के सामने फूट पड़ी।
प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश ने नेताओं को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को आला कमान तक पहुंचाया जाएगा, जहां अंतिम फैसला लिया जाएगा। वे यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को लेकर कांग्रेस नेताओं से सुझाव ले रहे थे।
मोहन प्रकाश ने पहली पार में वरिष्ठ नेताओं में कांतिलाल भूरिया, प्रताप भानु शर्मा ,डॉ. गोविंद सिंह, आरिफ अकील समेत अन्य नेताओं से चर्चा की। दूसरी पारी में विधायकों में राम निवास रावत, मुकेश नायक,तुलसी सिलावट और मानक अग्रवाल से चर्चा की।
बैठक के दौरान युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को पूर्नजीवित करने के लिए इन दोनों संगठनों में चुनाव की मौजूदा प्रक्रिया बंद कर नेताओं के मनोनयन का पुराना सिस्टम अपनाया जाए। नेताओं का इस मौजूदा प्रक्रिया के तहत धनबल और बाहुबल का कई लोग पदाधिकारी बन जाते हैं। इसके साथ ही यह चर्चा रही कि जो कार्यकर्ता कांग्रेस के छोटे बड़े कार्यक्रम में सक्रिय रहे उसी को टिकट दिया जाएगा।
कांग्रेस में संगठन है कहां
कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस में संगठन बचा कहा है, यदि संगठन होता तो पार्टी की नगर निगम चुनाव में इस तरह की हार नहीं होती। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव पर भी मनमानी का आरोप लगाया। वहीं मोहन प्रकाश के भी नौ महीने बाद प्रदेश आने पर सवाल खड़ा किया। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में हार के बाद अपना इस्तीफा देने की बात कहते हुए यादव पर निशाना साधा। अरुण यादव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसका उत्तर तो वही दे सकते हैं।
दिल्ली की हार ने मोदी के मायाजाल को किया बेनकाब - सिंधिया
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को भोपाल प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा में कहा कि दिल्ली के नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हार है। दिल्ली की जनता ने मोदी के मायाजाल को बेनकाब कर दिया है। कांग्रेस की खराब स्थिति का प्रश्न किए जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी स्थिति में सुधार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बिहार के वर्तमान राजनीतिक संकट के सवाल पर कहा कि यह संभव है जीतन राम मांझी को भाजपा का समर्थन हो, क्यों कि भाजपा देश में षडयंत्र की राजनीति के लिए जानी जाती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को बदले जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वे अच्छा काम कर रहे हैं। वैसे भी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का काम राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। इससे पहले सिंधिया ने नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद वे गृह मंत्री बाबूलाल गौर के निवास पर भी गए। सिंधिया गौर के पुत्र के विवाह में शामिल नहीं हो हुए थे।