पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पड़ोसी पर संदेह, आखिरी बार फोन पर की थी बात

पड़ोसी पर संदेह, आखिरी बार फोन पर की थी बात

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल| मिसरोदक्षेत्र से लापता छात्रा की रेहटी में हत्या के मामले में पुलिस का शक उसके एक पड़ोसी पर है। छात्रा के गुम होने से पहले आखिरी बार पड़ोसी ने फोन पर उससे बात की थी। पड़ोसी का उसी दिन मकान खाली कर गायब होना भी पुलिस के शक को बढ़ा रहा है।

लिबर्टी कॉलोनी, मिसरोद में रहने वाले अवधेश झा की 13 वर्षीय बेटी प्रेरणा बीती 31 जनवरी की शाम करीब सवा छह बजे से लापता थी। दो फरवरी को उसका शव रेहटी स्थित बाया गांव की कच्ची नहर में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि शव मिलने से 24 घंटे पहले उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।

रेहटी टीआई अनिल तिवारी के मुताबिक फोटो के आधार पर छात्रा की शिनाख्त परिवार ने मंगलवार को कर ली थी। बुधवार दोपहर को पुलिस की टीम के साथ परिवार के सदस्य रेहटी पहुंचे। यहां परिवार ने उसकी शिनाख्त की थी।

इसके बाद वहीं उसका अंतिम संस्कार कर परिवार भोपाल लौट आया है।











भाजपा नेता के पास नहीं पहुंची छात्रा:

एएसपी रियाज इकबाल ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि छात्रा मंडीदीप में रहने वाली भाजपा नेता के पास नहीं पहुंची है। परिवार ने भाजपा नेता स्वाति विश्वकर्मा पर उसकी गुमशुदगी को लेकर भी आरोप लगाया था। वहीं, लिबर्टी कॉलोनी में रहने वाला राजवीर उर्फ रणधीर शक के दायरे में है। फिलहाल परिस्थितिजन्य साक्ष्य उसके खिलाफ हैं। हालांकि, पुलिस दूसरे बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। इसके अलावा इस मामले से जुड़ा एक अन्य युवक भी गायब है, जिससे पूछताछ की जानी है।

गुमशुदगी के दिन ही छोड़ा घर:

अवधेश की पारिवारिक मित्र और भाजपा की पूर्व कार्यालय मंत्री महिला मोर्चा रेखा पटेल के मुताबिक राजवीर ने 31 जनवरी को ही घर छोड़ दिया था। एक दिन बाद उसके साथ रहने वाली युवती भी गायब हो गई। हालांकि, एएसपी के मुताबिक राजवीर के खिलाफ मिसरोद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। वह फिलहाल जेल में है।