सांसद के बेटे के दोस्त का कान काटा
भोपाल| सांसदआलोक संजर के बेटे अनंत के दोस्त पर तीन युवकों ने शाहपुरा झील के पास हमला कर दिया। एक आरोपी ने दांत से उसका कान भी काट दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पल्लवी नगर निवासी शेखर श्रीवास्तव बुधवार रात करीब नौ बजे शाहपुरा झील के पास खड़े थे। इसी दौरान कार सवार तीन युवक उनके बगल से तेजी से गुजरे। विरोध किया तो तीनों ने उनसे मारपीट की। इस दौरान आरोपियों में से एक ने दांत से शेखर का कान काट लिया। विवाद की सूचना पर अनंत भी मौके पर पहुंचे। हबीबगंज पुलिस ने दो आरोपियों जैत खान, इजराम खान को गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी दानिश फरार बताया जा रहा है।
तीनों आरोपी पुराने शहर के रहने वाले हैं। पुलिस ने शेखर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।