50 हजार रुपए होगी परोपकार निधि
भोपाल| सेवामें रहते हुए मृत्यु हो जाने वाले पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को अब परोपकार निधि राशि 50 हजार रुपए दी जाएगी। अभी यह राशि 35 हजार रुपए दी जाती है। यह बात डीजीपी नंदन दुबे ने राज्य स्तरीय संयुक्त पुलिस परामर्शदात्री समिति की बैठक में कही। पुलिस ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में बुधवार को आयोजित बैठक में डीजीपी ने कहा कि अफसरों को अधीनस्थ अमले के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखना चाहिए। उनकी हर छोटी सी गलती पर सजा देने के रवैए को अब खत्म करना चाहिए।
बैठक में तय किया गया कि शिक्षा निधि से आरक्षक से निरीक्षक तक के अधिकारियों/कर्मचारियों के परिवार के दो बच्चों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिसमें एक पुत्र तथा एक पुत्री या दो पुत्रियों को शामिल किया जा सकता है। लेकिन शिक्षा निधि दो पुत्रों को स्वीकृत नहीं की जाएगी। इसी प्रकार, शहीद आरक्षक से निरीक्षक तक के कर्मचारियों के दो बच्चों को कक्षा 12वीं तक शिक्षा निधि स्वीकृत की जा सकती है। बैठक में ओएसडी सुरेंद्र सिंह समेत सभी एडीजी, आईजी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।