- Hindi News
- हवलदार ने बैरसिया थाने में खुद को मारी गोली
हवलदार ने बैरसिया थाने में खुद को मारी गोली
बैरसियाथाने के हवलदार ने बुधवार सुबह थाने के मालखाने में सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली दाहिनी कनपटी पर लगी, जो सिर के अंदर फंस गई। वे साढ़ू भाई के बेटे के साथ अपनी बेटी के चले जाने से तनाव में थे। पुलिस को हवलदार की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने इसका जिक्र किया है।
मूलत: गुना निवासी 51 वर्षीय किशोर कुमार धौलपुरिया बैरसिया पुलिस लाइन में रहते थे। उन्हें वर्ष 2011 में बैरसिया थाने में पदस्थ किया गया था। इन दिनों वे थाने के मालखाना इंचार्ज थे। एसपी नॉर्थ अरविंद सक्सेना के मुताबिक वे बुधवार सुबह पौने दस बजे गणना में शामिल होने के बाद वे मालखाने में चले गए। थाने के सिपाही रईस खान ने उन्हें सुबह 11:08 बजे फोन लगाया, जो रिसीव नहीं हुआ। उन्हें तलाशते हुए रईस मालखाने पहुंचे, जहां किशोर खून से लथपथ पड़े थे। किशोर ने अपनी दाहिनी कनपटी पर मालखाने में रखी 0.38 की सर्विस रिवाॅल्वर से गोली मार ली थी।
पुलिस को किशोर की वर्दी की दाहिनी जेब से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने लिखा है कि ‘मेरी बेटी भावना मेरी साली के बेटे लकी के साथ डेढ़ महीने पहले कहीं चली गई है। वो पांच हजार रुपए और सारे जेवर भी साथ ले गई। इससे मैं काफी दुखी हूं। इसलिए ये कदम उठा रहा हूं।’ पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सर्विस रिवॉल्वर और सुसाइड नोट जब्त कर मर्ग कायम कर लिया है।
किशोर धौलपुरिया