- Hindi News
- अरेरा कॉलोनी, चार इमली डेंगू सेंसेटिव जोन
अरेरा कॉलोनी, चार इमली डेंगू सेंसेटिव जोन
स्वास्थ्यविभाग ने राजधानी के चार इमली, अरेरा कॉलोनी, शिवाजी नगर, साकेत नगर और माता मंदिर इलाकों को डेंगू सेंसेटिव जोन घोषित कर दिया है। बुधवार को शहर में डेंगू के चार और मरीज मिले। इनमें से एक अरेरा कॉलोनी और दूसरा जेपी अस्पताल परिसर का रहने वाला है। जबकि दो अन्य मरीज कोलार में मिले हैं।
इधर, स्वास्थ्य विभाग के पास मच्छर मारने की दवा के साथ मिलाया जाने वाला केरोसिन खत्म हो रहा है। विभाग ने कहा है कि केरोसिन का स्टॉक नहीं मिला तो शुक्रवार से दवा का छिड़काव नहीं हो सकेगा। इस साल अब तक राजधानी में डेंगू के 138 मरीज मिल चुके हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केबी वाजपेयी ने बताया कि माता मंदिर और शिवाजी नगर क्षेत्र में डेंगू बुखार का संक्रमण फिर फैलने लगा है। बुधवार को जिन इलाकों में चार नए मरीज पाए गए, वहां गुरुवार को लार्वा और फीवर सर्वे कराया जाएगा, जो अगले एक हफ्ते चलेगा।
डॉ. वाजपेयी ने बताया कि राजधानी में औसतन हर दसवें घर में डेंगू के लार्वा मिल रहे हैं। बुधवार को लार्वा सर्वे के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन के शिवाजी नगर स्थित बंगले पर रखे गमलों में डेंगू का लार्वा मिला है। इन गमलों में काफी समय से पानी भरा हुआ था। मौके पर पहुंची टीम ने लार्वा को खत्म करने के लिए लार्वीसाइट, पायरेथ्रम का छिड़काव किया है। साथ ही पानी में टेमीफॉस भी डाला है। दो हफ्ते पहले कलेक्टर निशांत वरवड़े के बंगले में भी डेंगू का लार्वा मिला था।
मंत्री पारस जैन के बंगले पर मिला डेंगू का लार्वा