- Hindi News
- नियमितीकरण मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने साधी चुप्पी
नियमितीकरण मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने साधी चुप्पी
भोजओपन यूनिवर्सिटी में कर्मचारियों को नियमित करने का मामला एक बार फिर उलझ गया है। यूनिवर्सिटी ने हाल ही में यहां के 27 संविदा शिक्षकों को नियमित करने का निर्णय लिया था, जिसे उच्च शिक्षा विभाग ने अब तक मंजूरी नहीं दी है। विभाग इससे पहले भी 37 कर्मचारियों को नियमित करने के मामले में यूनिवर्सिटी से सफाई मांग चुका है। इस बारे में भोज के रजिस्ट्रार का कहना है कि विभाग की मंजूरी के बगैर वे इस दिशा में आगे कोई कार्रवाई नहीं करेंगे।
हाल ही में भोज यूनिवर्सिटी की प्रबंध बोर्ड की बैठक में सहमति बनने के बाद यूनिवर्सिटी ने करीब 27 संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया है, लेकिन विवि के इस फैसले से उच्च शिक्षा विभाग सहमत नहीं है। नियमितीकरण को लेकर इस समय विवि में कुलपति डॉ. तारिक जफर और रजिस्ट्रार के बीच खींचतान हो रही है। प्रबंध बोर्ड की बैठक में भी दोनों के बीच इस मुददे को लेकर बहस की बात सामने आयी थी। बैठक में रजिस्ट्रार ने कर्मचारियों को नियमित करने से पहले इसकी मंजूरी शासन से लेने की अनुशंसा की थी। लेकिन कुलपति ने हाईकोर्ट के फैसले का हवाला देकर दस साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने पर जोर दिया था।
बैठक के बाद कुलपति के हज यात्रा पर जाने से मामला फिलहाल ठंडा पड़ गया है, लेकिन रजिस्ट्रार ने बैठक में हुए फैसले के शासन को भेजे जाने वाले मिनिट्स में उन आदेशों का भी उल्लेख करने की बात कही है, जिनके आधार पर कर्मचारियों के नियमितीकरण पर शासन की आेर से रोक लगाई गई है। रजिस्ट्रार डॉ. बी.भारती का कहना है कि कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर शासन की ओर से जब तक कोई दिशा निर्देश नहीं जाते, तब तक इस पर फैसला लेना जल्दबाजी होगी।