- Hindi News
- 12वीं पास राकेश कराता था एमबीबीएस में एडमिशन
12वीं पास राकेश कराता था एमबीबीएस में एडमिशन
पीएमटी 2012 में गड़बड़ी के आरोपी बिहार के सरगना राकेश सिंह पटेल को शनिवार को अदालत ने दो अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। केवल 12वीं कक्षा तक पढ़े पटेल ने मेडिकल एंट्रेस एक्जाम्स में गड़बड़ी कर कई लोगों को एडमिशन दिलाए हैं। वह बिहार में राइस मिल का मालिक है। दस हजार रुपए के इनामी पटेल ने शुक्रवार को सीजेएम की अदालत में सरेंडर किया था।
पूछताछ में उसने एसटीएफ को बताया कि व्यापमं गड़बड़ी में नाम सामने आने के बाद वह पश्चिम बंगाल में छिप गया था। वहां उसका एक्सीडेंट भी हुआ। जिसमें उसकी कमर में चोट आई है। पूछताछ में पता चला है कि पटेल के भाई का बिहार के चाईबासा में खदान का कारोबार आैर जमशेदपुर में सुपर स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल है।
ज्ञात हो कि पीएमटी 2012 की गड़बड़ी के मामले में एसटीएफ ने 16 मार्च को चिरायु मेडिकल कॉलेज के छात्र साहिल जैन समेत तीन दलाल हार्दिक पटेल, श्रवण सुनार और धनंजय चौहान को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि अहमदाबाद निवासी साहिल ने स्कोरर की मदद से पीएमटी पास की थी। राकेश ने साहिल के स्थान पर लखनऊ निवासी एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र मुकेश सिंह को पीएमटी में बिठाया था।