- Hindi News
- उन छात्रों से भी वसूली ट्यूशन फीस, जिन्हें केंद्र से मिली है छूट
उन छात्रों से भी वसूली ट्यूशन फीस, जिन्हें केंद्र से मिली है छूट
मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) ने आरक्षित वर्ग के उन छात्रों से भी ट्यूशन फीस वसूल ली है, जिन्हें केंद्र सरकार ने इससे छूट दी हुई है। इससे करीब 1400 छात्रों के सामने पढ़ाई बीच सत्र में ही छोड़ने की नौबत गई है। छात्रों ने मैनिट प्रबंधन से अगले सेमेस्टर में ट्यूशन फीस नहीं लेने की मांग की है। मैनिट अब इस मामले को बोर्ड ऑफ गवर्नर (बीओजी) की बैठक में रखने की तैयारी कर रहा है।
इस साल मैनिट में प्रदेश सहित अन्य राज्यों के आरक्षित वर्ग के करीब 1400 छात्रों ने बीटेक, एमटेक और पीएचडी कोर्स में एडमिशन लिया है। इनमें कई छात्र गरीब तबके से हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) के नियम के अनुसार इन छात्रों को ट्यूशन फीस से छूट मिली हुई है। इसके बावजूद मैनिट ने इनसे यह फीस जमा करा ली है। छात्रों के अनुसार जिन राज्यों से वे यहां पढ़ने आए हैं, वहां की सरकार उनकी फीस सीधे मैनिट के अकाउंट में ट्रांसफर करती है। लेकिन इस साल एडमिशन लेने के दो महीने बाद भी जब मैनिट के खाते में फीस नहीं आयी तो प्रबंधन ने इन छात्रों को तत्काल फीस जमा करने का फरमान जारी कर दिया। फीस जमा नहीं करने पर एडमिशन तक निरस्त करने की बात कही जा रही थी। छात्रों का कहना है कि अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने इस बार तो जैसे-तैसे फीस जुटाकर जमा कर दी है। अगली बार अगर ऐसा करना मुमकिन नहीं होगा। राजस्थान के एक गांव से आए छात्र प्रमोद कुमार ने बताया कि उसकी फीस पूरे गांव ने मिलकर भरी है। यही स्थिति उत्तर प्रदेश से आए छात्र आकाश प्रकाश की भी है।
कोर्स डे स्कॉलर्स हॉस्टलर
बीटेक,बी-आर्क, बी-प्लान 44655 48105
एमटेक, एम-प्लान,एमसीए 44655 48105
एमबीए 47655 51105
पीएचडी 13555 17005
1400 छात्रों के सामने बीच में ही पढ़ाई छोड़ने की नौबत, कुलपति बोले- बीओजी में रखेंगे मामला
मैनिट में मनमानी