पीपुल्स कॉलेज में छात्रा की रैगिंग
पीपुल्स डेंटल एकेडमी में शनिवार को सेकंड ईयर में पढ़ रही छात्रा ने सीनियर्स के खिलाफ रैगिंग की शिकायत करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सीनियर्स से परेशान छात्रा ने शनिवार को नेशनल एंटी रैगिंग हेल्प लाइन में शिकायत की है। प्रबंधन ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक बीडीएस थर्ड ईयर की तीन छात्राएं उसे पिछले साल से परेशान कर रही हैं। तीनों ही छात्राएं अक्सर भद्दी टिप्पणी करती हैं। छात्रा की शिकायत पर हेल्प लाइन अधिकारियों ने कॉलेज डीन डॉ. एमके गुप्ता को मामले की जांच कर, संबंधितों पर कार्रवाई करने कहा है। डॉ. गुप्ता ने ओरल पैथालॉजी डिपार्टमेंट की प्रमुख डॉ. शुभांगी मस्के से जांच करने को कहा है।
नोडलअधिकारी बोले, शिकायत झूठी : नेशनलएंटी रैगिंग हेल्प लाइन से रैगिंग की शिकायत मिलने के बाद भी कॉलेज प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक नहीं बुलाई। जबकि यूजीसी नियमों में रैगिंग की शिकायत मिलने पर उसकी जांच एंटी रैगिंग कमेटी से कराने का प्रावधान है। कमेटी के नोडल अधिकारी डॉ. नवीन एस. यादव ने बताया कि शनिवार को कॉलेज प्रबंधन की ओर से संस्थान में किसी छात्रा की रैगिंग होने जानकारी नहीं मिली। कॉलेज में रैगिंग होने की शिकायत झूठी है।
-------------------
कॉलेज की एक छात्रा की रैगिंग होने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर रही हैं।
- डॉ. एमके गुप्ता, डीन, पीपुल्स डेंटल एकेडमी